EBM News Hindi
Leading News Portal in Hindi

Fight From Corona in UP: लखनऊ के केजीएमयू में COVID-19 मरीज को प्लाज्मा की पहली डोज

लखनऊ। जानलेवा कोरोना वायरस के संक्रमण पर अंकुश लगाने तथा इससे प्रभावित लोगों की जान बचाने की खातिर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की योजना पर प्लाज्मा थेरेपी से इलाज की शुरूआत हो गई है। लखनऊ में रविवार को किंग जार्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी से इसका आगाज हो गया है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कोर टीम के साथ रविवार को सुबह बैठक में कहा था कि अब कोरोना प्रभावित मरीजों के इलाज के लिए प्लाज्मा थेरेपी को बढ़ाने पर विचार करना चाहिए, क्योंकि इसके अच्छे परिणाम मिले हैं। प्रदेश के अस्पतालों में सभी आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

किंग जार्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी में पहुंचे कोरोना मरीज की लगातार गंभीर होती हालत देख उसकी जिंदगी बचाने के लिए लखनऊ की पहली कोरोना पीडि़त खुद आगे आईं। उन्होंने कल ही रमजान के पाक महीने में प्लाज्मा दान कर नेकी की मिसाल कायम की। वेंटीलेटर पर मौत से संघर्ष कर रहे मरीज को रात में प्लाज्मा की पहली डोज दे दी गई है। अब डॉक्टर्स को उसकी हालत में सुधार का इंतजार है।

किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) में शुक्रवार को एक डॉक्टर (एनेस्थीसिया विशेषज्ञ) को भर्ती कराया। यह डॉक्टर 1981 बैच के जॉर्जिंयस हैं। उरई में सरकारी चिकित्सक भी हैं। रविवार को कोरोना पीडि़त डॉक्टर की हालत गंभीर हो गई। सांस लेने में तकलीफ होने पर उन्हें ऑक्सीजन का सपोर्ट दिया गया। स्थिति में सुधार न होने पर प्लाज्मा थेरेपी देने की योजना बनाई गई। उन्हें सांस लेने में समस्या हो रही थी। शरीर में ऑक्सीजन का स्तर काफी कम हो गया था। उनकी वेंटिलेटर पर भी स्थिति नियंत्रित नहीं हो रही थी। ऐसी हालत में उन्हें प्लाज्मा थेरेपी दी गई। केजीएमयू में शुक्रवार को रेजीडेंट डॉक्टर व एक अन्य व्यक्ति ने प्लाज्मा डोनेट किया था। दोनों का ब्लड ग्रुप ‘बी’ पॉजिटिव था, जबकि उरई के डॉक्टर का ‘ओ’ पॉजिटिव। तब कोरोना से ठीक होने वाली गोमतीनगर की महिला डॉक्टर को बुलाया गया। महिला डॉक्टर ने 500 एमएल प्लाज्मा डोनेट किया। इसमें से 200 एमएल प्लाज्मा चढ़ाया गया। अब दो दिन बाद रिस्पांस देखने के बाद दूसरी थेरेपी दी जाएगी।