EBM News Hindi
Leading News Portal in Hindi

UNSC ने कोरोना से निपटने के लिए शांति सैनिकों के बचाव व सुरक्षा के लिए पास किया ये संकल्प

संयुक्‍त । कोरोना वायरस के प्रकोप को देखते हुए संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) ने सर्वसम्मति से संकल्प 2518 को पास किया है। यूएनएससी ने पहली बार इस तरह का संकल्‍प पास किया है। यूएनएससी ने इस प्रकार का संकल्‍प कोरोना महामारी से उपजे संकट को ध्‍यान में रखते हुए लिया है। यह संकल्‍प दुनिया के विभिन्‍न देशों में तैनात शांति सैनिकों की कोरोना से बचाव व सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी उपाय करने की कोशिश करता है।  

यूएनएससी के अनुसार 72 वर्षों से संयुक्त राष्ट्र के शांति अभियानों ने दुनिया के ज्‍वलंत मुद्दों के राजनीतिक समाधान में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। संगठन के अनुसार मौजूदा समय में दुनियाभर में 95,000 से अधिक शांति सैनिकों को तैनात किया गया है। यूएनएससी के जोर देकर कहा कि इन ऑपरेशनों में शांति सैनिकों की चुनौतियां लगातार बढ़ रही हैं। पारंपरिक और गैर-पारंपरिक सुरक्षा कारकों के साथ शांति सैनिकों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरे थे। ऐसे में यह फैसला लेना जरूरी था। संगठन ने कहा कि यह वर्ष संयुक्त राष्ट्र की स्थापना की 75 वीं वर्षगांठ और इसके कार्यान्वयन के लिए एक महत्वपूर्ण वर्ष है।

चीन ने इस प्रस्‍ताव को किया पेश 

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार यूएनएससी ने अपने बयान में कहा है कि  शांति सैनिकों की बचाव और सुरक्षा को लेकर यह पहला प्रस्ताव है। समाचार एजेंसी के मुताबिक यूएनएससी ने कहा कि चीन द्वारा प्रायोजित इस प्रस्‍ताव का इटली, कजाकिस्तान, पाकिस्तान, दक्षिण अफ्रीका, रूस, स्पेन, तुर्की और वियतनाम सहित 43 देश सह प्रयोजित थे।

इसमें प्रशिक्षण, स्वास्थ्य, प्रौद्योगिकी एवं भागीदारी जैसे अहम क्षेत्रों को शामिल किया गया है। इसका मकसद प्रशिक्षण प्रणाली को मजबूत करना, स्वास्थ्य सुरक्षा और राहत क्षमताओं में सुधार करना शामिल है। मेजबान देशों के साथ संचार को और मजबूत करने के साथ आपसी विश्वास का निर्माण करना है। इसके साथ शांति मिशन के समन्वय तंत्र की व्यवस्था को और मजबूत करना है।

दुनियाभर में कोरोना की चपेट में आने वाले लोगों की संख्‍या 7,40,235 हो गई है, जबकि मृतकों की संख्या का आंकड़ा 35,035 हो गया है। अकेले यूरोप में 25,000 से ज्यादा लोगों की मौत हुई है। अमेरिका में अब तक 143,025 मामलों की पुष्टि हो गई है, जबकि 2,509 लोग संक्रमण से मारे गए हैं। वहीं इटली में कोरोना वायरस से बीते 24 घंटे में 756 लोग इस वायरस से मारे गए हैं। इटली में यह वायरस अब तक 10,779 लोगों की जान ले चुका है। स्‍पेन में बीते 24 घंटे में 812 लोगों की मौत हुई है जिसके साथ मृतकों का आंकड़ा 7,340 पर पहुंच गया है। अमेरिकी राष्‍ट्रपति डोनाल्‍ड ट्रंप का कहना है कि अमेरिका में अगले दो हफ्ते में मृत्यु दर सर्वाधिक हो सकती है।