जानिए किन हालातों में कितने समय तक जीवित रह सकता है कोरोना का वायरस
बीजिंग। पूरी दुनिया चीन से फैले कोरोनावायरस से परेशान है। अब तक इससे मौतों का आंकड़ा 3100 को पार कर चुका है। दुनिया भर में लाखों लोग इस वायरस के संक्रमण का शिकार है। वैज्ञानिक इस वायरस के संक्रमण से बचाव के लिए नित नई खोजों में भी लगे हुए हैं। चीन के ग्लोबल टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार इस बीच एक नया शोध सामने आया है, इस शोध में इस बात की खोज की गई है कि कोरोनावायरस किस जगह पर कितने समय तक जीवित रह सकता है और लोगों को प्रभावित कर सकता है।
अमेरिका, चीन, स्पेन और इटली सहित कई देश बड़े पैमाने पर इन दिनों कोरोनावायरस के संक्रमण का शिकार हैं, वहां वैश्विक इमरजेंसी घोषित कर दी गई है। सभी मॉल्स, स्कूल, कालेज बंद कर दिए गए हैं। आपात स्थिति घोषित कर दी गई है उसी हिसाब से उस देश में मेडिकल सेवाओं को बढ़ा दिया गया है। अस्पतालों में आइसोलेशन बेड बना दिए गए हैं जिससे यदि ऐसा कोई मरीज सामने आए तो उसको तत्काल इलाज दिया जा सके।
दो दिन पहले 11 मार्च को medRxiv में एक स्टडी प्रकाशित हुई है। इसी में कहा गया है कि कोरोना का वायरस खुली सतहों में अधिकतम तीन घंटे तक रह सकता है। उसके बाद वो दो से तीन दिनों तक प्लास्टिक और स्टेनलेस स्टील की सतहों पर जीवित रह सकता है। शोध में यह भी दावा किया गया है कि वायरस तांबे की सतहों पर चार घंटे और कागज की सामग्री पर अधिकतम 24 घंटे तक जीवित रहने में सक्षम है। हालांकि इस शोध की अभी तक दोबारा से समीक्षा नहीं की गई है।