EBM News Hindi
Leading News Portal in Hindi

यूएस में नए भारतीय राजदूत होंगे तरणजीत सिंह संधू, यूएन में अमेरिका में काम करने का अनुभव

वाशिंगटन, एएनआइ। अमेरिका में तरणजीत सिंह संधू नए भारतीय राजदूत के रूप में कार्यभार संभालेंगे। इसकी जानकारी एक वरिष्ठ भारतीय अधिकारी ने समाचार एजेंसी एएनआइ को दी है। वह हर्षवर्धन श्रृंगला की जगह लेंगे, जो अब भारत में विदेश सचिव का पदभार संभालेंगे। हाल ही में वह दिल्ली पहुंचे। संधू के पास यूएन में भी काम करने का अनुभव है। साथ ही वह वाशिंगटन में जाने माने चेहरा हैं।

समाचार एजेंसी एएनआइ के अनुसार राजदूत की नियुक्ति से संबंधित फाइल को सक्षम अधिकारी ने मंजूरी दे दी है। लेकिन सरकार को इसके बारे में आधिकारिक घोषणा करना बाकी है। आधिकारिक सूत्रों ने इसकी जानकारी दी है।

श्रीलंका में भारत के वर्तमान उच्चायुक्त हैं सिंधू

संधू 24 जनवरी, 2017 से श्रीलंका में भारत के वर्तमान उच्चायुक्त हैं। इससे पहले वह 2013 से 2017 तक वाशिंगटन डीसी में भारत के दूतावास में मिशन के उपप्रमुख के रूप में कार्य कर चुके हैं। संधू ने इससे पहले 1997 से 2000 के बीच वाशिंगटन डीसी में भारतीय मिशन में भी काम किया था और आमतौर पर यह वाशिंगटन डीसी सर्कल में एक जाने माने चेहरा हैं।

श्रीलंका से रिश्ते में अहम योगदान

संधू को विदेश मंत्री एस जयशंकर का पसंद माना जाता है। जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नवनिर्वाचित श्रीलंकाई राष्ट्रपति राजपक्षे गोटाबाया के बीच नए रिश्ते बनाने में उनका अहम योगदान था। दोनों देशों के बीच पिछले कुछ वर्षों में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिला था।

1988 बैच के आईएफएस अधिकारी, संधू को संयुक्त राष्ट्र में भी काम करने का अनुभव है। उन्हें मार्च 2009 से अगस्त 2011 तक संयुक्त सचिव (यूएन) के रूप में तैनात किया गया था। वह जुलाई 2005 से फरवरी 2009 तक संयुक्त राष्ट्र, न्यूयॉर्क में भारत के स्थायी मिशन में भी रहे।

संधू की नियुक्ति की जल्द होगी घोषणा

आधिकारिक सूत्रों ने समाचार एजेंसी एएनआइ को यह भी बताया कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के फरवरी के अंत में भारत आने की संभावना है। इसके मद्देनजर संधू की नियुक्ति की जल्द ही घोषणा की जाएगी। अधिकारी ने यह भी कहा कि वाशिंगटन डीसी में नई नियुक्ति की प्रक्रियाएं भी चल रही हैं।