EBM News Hindi
Leading News Portal in Hindi

अमेरिका में भी गुरूपर्व का उत्सव, राष्ट्रपति जो बाइडेन ने सिख समुदाय को दी शुभकामनाएं

वॉशिंगटन, नवंबर 20: भारत के साथ साथ अमेरिका में भी गुरूपर्व मनाया जा रहा है और अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने सिख समुदाय के लोगों को गुरुपर्व की शुभकामनाएं दी हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने सिख धर्म के संस्थापक, गुरु नानक देव की 552वीं जयंती पर सिख समुदाय को शुभकामनाएं दी हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने सिख समुदाय के लोगों को इस पावन मौके पर हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति ने इस बात पर जोर देते हुए कहा कि, गुरु नानक का दूरदर्शी “समानता, शांति और सेवा का संदेश आज भी उतना ही महत्वपूर्ण है जितना कि यह पांच सदी पहले था”। अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने एक बयान में कहा कि, गुरु नानक की शिक्षाएं सभी लोगों की गरिमा और समान अधिकारों, महिलाओं और लड़कियों के सशक्तिकरण, अंतरधार्मिक सहयोग और जरूरतमंदों की सहायता के लिए सेवा कार्यों पर जोर देती हैं। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि सिख समुदाय दुनिया भर में समुदायों को मजबूत करने काम लगातार जारी रखे हुए हैं।

अमेरिकी राष्ट्रपति ने इस मौके पर सिख समुदाय की जमकर प्रशंसा की है। उन्होंने कहा कि, “गुरू नानक के दिए विश्वास और मूल्यों को जीकर, सिख समुदाय, संयुक्त राज्य अमेरिका और दुनिया भर में दूसरे समुदायों को भी मजबूत करने का काम लगातार जारी रखे हुए हैं।” आपको बता दें कि, गुरु नानक जयंती, जिसे ”गुरुपुरब” के नाम से भी जाना जाता है, सिख धर्म में सबसे महत्वपूर्ण त्योहारों में से एक माना जाता है। यह दिन श्री गुरु नानक देव के जन्म का प्रतीक है, जिन्होंने सिख धर्म की नींव रखी थी। गुरु नानक का जन्म 15 अप्रैल 1469 को लाहौर के पास राय भोई की तलवंडी में हुआ था, जो आधुनिक पाकिस्तान के सेखपुरा जिले में है।