EBM News Hindi
Leading News Portal in Hindi

MP Political Crisis: बेंगलुरु पहुंच होटल के पास धरने पर बैठे दिग्विजय, हिरासत में लिए गए

बेंगलुरु। मध्य प्रदेश में सियासी उठापटक के बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह आज सुबह बेंगलुरु पहुंच गए। उन्हें पुलिस ने एहतियात को तौर पर हिरासत में ले लिया गया है। वह रामदा होटल के पास धरने पर बैठ गए थे। बता दें कि इसी हौटल में कांग्रेस के 21 विधायक हैं।

 

बेंगलुरु में पहुंचने पर दिग्विजय को एयरपोर्ट से लेने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डीके शिवकुमार पहुंचे थे। दिग्विजय ने   कहा,  ‘मैं मध्य प्रदेश से राज्यसभा का उम्मीदवार हूं, 26 मार्च को चुनाव होना है। मेरे विधायकों को यहां रखा गया है, वे मुझसे बात करना चाहते हैं। उनके फोन छीन लिए गए हैं।विधायकों के सुरक्षा को खतरा बताकर पुलिस मुझे उनसे बात नहीं करने दे रही है।’

 

इससे पहले मध्य प्रदेश के राज्यपाल लालजी टंडन ने बुधवार तड़के विधानसभा अध्यक्ष एनपी प्रजापति को एक पत्र भेजा। इसमें उन्होंने छह मंत्रियों के इस्तीफे को स्वीकार करने में ‘निष्पक्ष और साहसी’ निर्णय लेने की प्रशंसा की। गौरतलब है कि पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के कांग्रेस छोड़ने के बाद, सत्तारूढ़ दल के 22 विधायकों ने भी अपना इस्तीफा सौंप दिया था। इसके बाद 15 महीने पुरानी कमलनाथ सरकार संकट में आ गई। इनमें से छह विधायकों के इस्तीफे को स्पीकर ने  स्वीकार कर लिए हैं।

सुप्रीम कोर्ट में आज मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता शिवराज सिंह चौहान की राज्य विधानसभा में फ्लोर टेस्ट की मांग को लेकर दायर याचिका पर सुनवाई होगी। मंगलवार को शीर्ष अदालत ने याचिका पर सुनवाई करते हुए मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ और विधानसभा अध्यक्ष एनपी प्रजापति को नोटिस जारी किया था। न्यायमूर्ति डी वाई चंद्रचूड़ और न्यायमूर्ति हेमंत गुप्ता की अध्यक्षता वाली एक खंडपीठ ने मुख्यमंत्री, स्पीकर, विधानसभा के प्रमुख सचिव, मध्य प्रदेश और राज्यपाल को नोटिस जारी किया था।