EBM News Hindi
Leading News Portal in Hindi

कुछ लोगों को चिढ़ है हिंदू शब्द से : उप राष्ट्रपति वेंकैया नायडू

चेन्नई,। उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने रविवार को कहा कि देश में कुछ लोग ऐसे हैं जिन्हें हिंदू शब्द से ही चिढ़ है। उन्होंने यह भी कहा कि नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) का बेजा विरोध किया जा रहा है। यह कानून पाकिस्तान, अफगानिस्तान और बांग्लादेश में उत्पीड़न के शिकार धार्मिक अल्पसंख्यकों को भारत में नागरिकता प्रदान करने के लिए है।

स्वामी विवेकानंद की जयंती पर आयोजित एक कार्यक्रम में उपराष्ट्रपति ने कहा कि हिंदुत्व के प्रति कुछ लोगों का रवैया यद्यपि सही नहीं है, लेकिन हम फिर भी महसूस करते हैं कि उन्हें अपना नजरिया रखने का अधिकार है। सेक्युलरिज्म (पंथनिरपेक्षता) का मतलब अन्य धर्मों को अपमानित करना नहीं है। सेक्युलर संस्कृति तो भारतीय मूल्यों का हिस्सा है।

नायडू ने कहा, भारत ने दमन और उत्पीड़न का शिकार रहे लोगों को हमेशा आश्रय उपलब्ध कराया है। स्वामी विवेकानंद एक महान समाज सुधारक थे, जिन्होंने हिंदुत्व का परिचय पश्चिमी जगत से कराया। खुद विवेकानंद ने कहा था कि वह एक ऐसे देश के नागरिक हैं जिसने तमाम देशों के शरणार्थियों को अपने बीच जगह दी।