EBM News Hindi
Leading News Portal in Hindi

हिंद महासागर में चीन की बढ़ती गतिविधि पर बोले नौसेना प्रमुख, हम रखें हुए हैं पैनी नजर

नई दिल्ली, । रायसीना डॉयलॉग 2020 में नौसेना प्रमुख एडमिरल करमबीर सिंह ने कहा कि हिंद महासागर क्षेत्र में चीनी नौसेना की गतिविधि तेजी से बढ़ रही है और भारतीय नौसेना ‘मिशन-आधारित’ तैनाती के माध्यम से घटनाक्रम पर नजर रख रही है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि चीन की बेल्ट एंड रोड इनिशटिव (BRI) और चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारा (CPEC) भारत की संप्रभुता पर प्रभाव डालता है।

भारतीय क्षेत्र में पीएलए की घुसपैठ

रायसीना डायलॉग में बुधवार को पैनल चर्चा के दौरान नौसेना प्रमुख ने कहा कि ऐसी कई घटनाएं सामने आई हैं, जब चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (PLA) के युद्धपोतों ने भारत के विशेष आर्थिक जोन में प्रवेश किया और नौसेना ने उन्हें बताया कि यह भारतीय क्षेत्र में उसकी घुसपैठ है।

एक सवाल के जवाब में नौसेना प्रमुख ने कहा कि हमने उन्हें चेताया और उन्होंने उसका सम्मान किया और वापस चले गए। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि हमने हिंद महासागर क्षेत्र में खुद को 2008 से शुरू देखा है जब वे एंटी पायरेसी पेट्रोलके लिए आए थे।

इलाके में बढ़ती चीन की मौजूदगी पर नौसेना प्रमुख ने कहा कि अफ्रीका के जिबूती में उसका बेस है, अब ग्वादर में भी उसकी पैठ बनी है और कई इलाकों पर उसकी नजर है। हमने अपने युद्धपोतों की मिशन आधारित तैनाती की है ताकि हमें न सिर्फ चीन, बल्कि अन्य देशों की गतिविधियां भी पता चल सके। अगर कुछ भी हमारे राष्ट्रहित के विपरीत होता है तो हम इसका जवाब देंगे।