CAA के समर्थन में राष्ट्रव्यापी समर्थन, UP, बिहार, उत्तराखंड और मप्र में सड़क पर उतरे लोग
नई दिल्ली। नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) की अधिसूचना जारी होने के बाद इसके समर्थन में आवाज और तेज हो गई है। शनिवार को दिल्ली, मध्यप्रदेश, पंजाब और उत्तराखंड समेत कई राज्यों में इसके समर्थन में रैली, हस्ताक्षर अभियान, सभा और बैठकें कर लोगों को जागरूक किया गया।इस कानून का विरोध कर रहे विपक्ष को करारा जवाब देने के लिए भाजपा ने पूरी ताकत झोंक दी है।
केंद्रीय मंत्रियों के साथ पार्टी के शीर्ष नेताओं ने उत्तर प्रदेश और बिहार जैसे राज्यों को इस मुद्दे पर मथ दिया है। राजधानी दिल्ली में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) और दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) ने जबरदस्त मार्च निकाला। डीयू की ऑर्ट्स फैकल्टी में लॉ सेंटर से शुरू हुआ मार्च रामजस कॉलेज से होते हुए किरोड़ीमल, हंसराज, दौलतराम से होते हुए स्वामी विवेदानंद की प्रतिमा पर खत्म हुआ। उत्तर प्रदेश में भाजपा के दिग्गज नेताओं ने जगह-जगह पदयात्राएं निकालीं।
उमा भारती ने ललितपुर तो केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान ने सहारनपुर में जनजागरण अभियान की अगुआई की। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मैनपुरी में कहा कि हम मेले लगाकर नागरिकता देंगे, दम है तो रोक लेना। उत्तराखंड में ऊधमसिंहनगर के जसपुर में सौ फीट का तिरंगा लेकर रैली निकाली गई। देहरादून में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि सीएए देशहित में है और विपक्षी दल इस मामले में युवाओं को गुमराह करने की साजिश कर रहे हैं।
मध्यप्रदेश के मंदसौर, खंडवा और हरदा में रैलियां निकाली गईं, जिनमें हजारों लोग शामिल हुए। ग्वालियर में उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रैली की। रीवा में भाजपा महिला मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजया राहटकर ने प्रबुद्ध महिला सम्मेलन को संबोधित किया। हरियाणा में भाजपा कार्यकर्ताओं ने सिरसा, फतेहाबाद, चरखी दादरी, भिवानी समेत विभिन्न जिलों में लोगों को सीएए की जानकारी दी। पंजाब के बठिंडा में केंद्रीय संसदीय मामलों के मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि विपक्ष का दुष्प्रचार रोकने के लिए ही भाजपा कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे हैं।
कोई प्रदेश सरकार इसे लागू करने से मना नहीं कर सकती। छत्तीसगढ़ के धमतरी में सीएए के समर्थन में रैली निकाली गई और बाद में सभा हुई। इसमें केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री कैलाश चौधरी ने कहा कि भारत को तोड़ने की जो बात करेगा, चाहे वह जेएनयू हो या और कोई, उसे भारत की जनता नहीं छोड़ेगी। जिसे पाकिस्तान से प्रेम है, वह वहां जाकर रह सकता है। पाकिस्तान के साथ खड़ा होने वाला हर व्यक्ति दोषी है। केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने पटना में कहा कि गलतफहमी फैलाकर देश को तोड़ने का प्रयास चल रहा है। ऐसे लोगों के मंसूबे सफल नहीं होंगे। केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने पूर्वी चंपारण के चकिया में जनसभा को संबोधित किया।