Coronavirus Lockdown: दूरदर्शन पर चाणक्य समेत लौटेंगे ये कल्ट टीवी शो, चैनल नहीं दिखाने पर कार्रवाई
नई दिल्ली। पूरे देश में कोरोना वायरस लॉकडाउन की वजह से दूरदर्शन के पुराने दिन लौट रहे हैं। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने ऐसे कई शोज़ दूरदर्शन पर फिर टेलीकास्ट करने का फ़ैसला किया है, जो आज कल्ट माने जाते हैं। इन शोज़ की एक बड़ी फैन फॉलोइंग है और ज़बर्दस्त नॉस्टैलजिक वैल्यू भी।
भारत सरकार के सूचना विभाग की ओर से ट्वीट करके बताया गया है कि अप्रैल से शक्तिमान, श्रीमान श्रीमती, चाणक्य, उपनिषद गंगा और कृष्णा काली धारावाहिक दूरदर्शन पर पुन: प्रसारित किया जाएंगे। इसके साथ ही सभी केबल ऑपरेटरों को एडवायज़री जारी की गयी है कि दूरदर्शन, लोक सभा टीवी और राज्य सभा टीवी चैनलों को अनिवार्य रूप से दिखाएं। कोई शिकायत मिलने पर केबल ऑपरेटरों के ख़िलाफ़ केबल एक्ट के तहत कार्रवाई भी की जा सकती है।