EBM News Hindi
Leading News Portal in Hindi

Coronavirus Lockdown: सिंगर सोना महापात्रा के बाथरूम की छत गिरी, हादसे में बाल-बाल बचीं

नई दिल्ली। देशभर में कोरोना वायरस कोविड 19 की वजह से लॉकडाउन है। लोग घरों में बंद हैं। वायरस को फैलने से रोकने के लिए लोगों को घरों में ही रहने की हिदायत जारी की गयी हैं। सारे सेलेब्रिटीज़ इस वक़्त सेल्फ़ आइसोलेशन में हैं और सरकार की गाइडलाइंस का पालन कर रहे हैं। इस दौरान अपने फैंस को मोटिवेट करने के लिए वो सोशल मीडिया के ज़रिए उनसे संवाद कर रहे हैं।

ऐसे ही एक संवाद में सिंगर सोना महापात्रा ने अपने घर पर हुए हादसे को साझा किया। सोना ने ट्वीट करके बताया कि सुबह उनके बाथरूम की फाल्स सीलिंग (छत का अंदर वाला हिस्सा) अचानक गिर गया। सोना ने कुछ तस्वीरें शेयर करके लिखा- हैरानी की बात है। कल कुछ लोग मेरी टाइमलाइन पर टॉक्सिक पॉज़िटिविटी की बात कर रहे थे, मुश्किल समय में सकारात्मक बने रहने का दबाव। सुबह कुछ ऐसा हुआ। किसी लीकेज की वजह से मेरी छत गिर पड़ी। (दुनिया की पहली समस्या, नहीं)। सोना के साथ हुआ हादसा जैसे उनके पॉज़िटिव एटीट्यूड का इम्तेहान ले रहा हो।