Coronavirus COVID 19 पर प्रियंका चोपड़ा करेंगी फेसबुक लाइव, WHO अधिकारियों से पूछ सकते हैं कोई भी सवाल
नई दिल्ली। कोरोना वायरस का ख़तरा पूरी दुनिया पर मंडरा रहा है। कई देश चपेट में आ चुके हैं। भारत में भी इसके केस लगातार बढ़ रहे हैं। ऐसे में स्थिति काफ़ी संजीदा है और इससे बचने के लिए स्वास्थ्य संगठनों और सरकारों की ओर कोशिशें जारी हैं। प्रियंका चोपड़ा कोरोना वायरस की वजह से एक हफ़्ते से घर में क़ैद हैं। हालांकि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के ज़रिए प्रियंका कोविड 19 के ख़िलाफ़ जागरूकता फैलाने की लगातार कोशिश कर रही हैं।
इसी क्रम में गुरुवार को प्रियंका कोविड 19 वायरस पर काम कर रहे डॉक्टर और विश्व स्वास्थ्य संगठन के अधिकारियों के साथ इंस्टाग्राम और फेसबुक पर 12.30 बजे लाइव करेंगी। प्रियंका ने इसकी सूचना ट्विटर के ज़रिए दी है। उन्होंने वीडियो पोस्ट करके बताया कि इस समय जो हालात चल रहे हैं, वो किसी फ़िल्म की तरह हैं, मगर यह फ़िल्म नहीं है। वो ख़ुद एक हफ़्ते से पति निक के साथ घर में बंद हैं।
अपने वीडियो के साथ प्रियंका ने लिखा- डॉ. ट्रेडॉस के साथ मैं 12.30 बजे इंस्टाग्राम और फेसबुक पर लाइव रहूंगी। डब्ल्यूएचओ से मारिया वॉन कर्कहोव और ग्लोबल सिटिज़न के सीईओ ह्यू इवांस भी साथ होंगे। उनसे आप कोविड 19 के बारे में सभी सवाल पूछ सकते हैं, जिनके जवाब आपको सीधे सही सोर्स से मिलेंगे।