EBM News Hindi
Leading News Portal in Hindi

Delhi Election 2020: BJP कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र दे रहे जेपी नड्डा

नई दिल्ली,। Delhi Election 2020 : बूथ सम्मेलन के बाद भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा विधानसभा के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करके उन्हें चुनाव प्रबंधन की बारीकियां सिखा रहे हैं। उन्होंने शुक्रवार को त्रिनगर, वजीरपुर, सदर, तिमारपुर एवं बुराड़ी विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की और जीत का मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि देश में सिर्फ भाजपा ही ऐसा दल है, जिसके पास बड़ी संख्या में समर्पित कार्यकर्ता हैं। इनके दम पर ही भाजपा दिल्ली विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज करेगी।

दिल्ली की जनता के लिए केंद्र सरकार ने उठाए कई कदम

दिल्लीवासियों की समस्याएं हल करने के लिए दिल्ली में पिछले पांच साल से सत्तासीन आम आदमी पार्टी सरकार ने काम नहीं किया है। वहीं केंद्र सरकार ने कई कदम उठाए हैं। प्रत्येक कार्यकर्ता को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास के संदेश को घर-घर पहुंचाना है।

AAP-कांग्रेस की सरकारों ने किया गुमराह

दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि सभी राजनीतिक दल अनधिकृत कॉलोनियों को नियमित करने के मामले में राजनीति करते रहे हैं। कांग्रेस की सरकार ने 15 सालों तक, फिर आम आदमी पार्टी ने पांच सालों तक इस मामले को लेकर लोगों को गुमराह किया। मोदी सरकार ने अपने दूसरे कार्यकाल के 100 दिनों के अंदर ही यह काम कर दिया।