EBM News Hindi
Leading News Portal in Hindi

AAP ने क्यों मिलाया कांग्रेस से हाथ? News24 से खास बातचीत में केजरीवाल ने दिया जवाब


Arvind Kejriwal Exclusive : दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने आज News24 पर वरिष्ठ पत्रकार राजीव रंजन के साथ खास बातचीत की और सवालों के जवाब दिए। इस दौरान राजीव रंजन ने जनता का एक सवाल केजरीवाल के सामने उठाया कि जिस कांग्रेस का वह विरोध किया करते थे, इस लोकसभा चुनाव में उन्होंने उसके साथ ही हाथ क्यों मिला लिया। इसके जवाब में केजरीवाल ने लोकतंत्र के खतरे में होने की बात कही और इसे देश को बचाने के लिए उठाया गया कदम बताया।

सवाल था कि अरविंद केजरीवाल ने कांग्रेस के खिलाफ अपना पूरा वजूद खड़ा किया। दिल्ली में कांग्रेस को नेस्तनाबूत केजरीवाल ने किया। जनता कह रही है कि तब कांग्रेस पर आपने जो आरोप लगाए थे उनसे हम सहमत हैं। लेकिन, मोदी के विरोध में आप इस कदर चले गए कि आप कांग्रेस के उम्मीदवारों के रोडशो में उनका ही हाथ पकड़ कर चल रहे हैं।

इसके जवाब में केजरीवाल ने कहा कि मुद्दा मोदी विरोध का नहीं है, देश बचाने का है। आज जिस किस्म की तानाशाही है, अगर इस बार मोदी जीत गए तो जनतंत्र नहीं बचेगा। रूस में क्या हुआ? रूस में पुतिन साहब हैं, उन्होंने सारे विपक्ष को या तो जेल में डाल दिया या मरवा दिया। सबसे बड़े विपक्षी नेता को मरवा दिया। फिर उन्होंने चुनाव कराए, 87 प्रतिशत वोट आ गए। बांग्लादेश में क्या हुआ? शेख हसीना ने सारे विपक्ष को पकड़कर जेल में डलवा दिया फिर चुनाव कराए। जीत गईं। पाकिस्तान में इमरान खान को जेल में डाल दिया फिर चुनाव कराए। हमारे देश में भी यही होने वाला है और जनता ये बात समझ रही है। हम केवल देश को बचाने के लिए साथ आए हैं। हमारे सामने और कुछ नहीं है।