EBM News Hindi
Leading News Portal in Hindi

Oyo भारत में कर रही कर्मचारियों की छंटनी की तैयारी, 1,000 से ज्यादा लोगों की जा सकती है नौकरी

नई दिल्ली, । रितेश अग्रवाल की अगुवाई वाली होटल कंपनी ओयो (Oyo) भारत में अपने कर्मचारियों की छंटनी करने जा रही है। ओयो अपने 1,000 से ज्यादा कर्मचारियों को नौकरी से निकालने की तैयारी में है। कंपनी ने भारत में अपने कारोबार को पुनर्गठित करने की प्रक्रिया के तहत यह निर्णय लिया है।

भारत और दक्षिण एशिया में कंपनी द्वारा अपने कर्मचारियों को एक मेल भेजा गया है। इस मेल में ओयो के फाउंडर और ग्रुप के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रितेश अग्रवाल ने कहा कि कुछ सहयोगियों को कंपनी से बाहर एक नया करियर तलाश करने के लिए कहना उनके लिए ‘आसान फैसला’ नहीं है।

हालांकि, अग्रवाल ने कर्मचारियों को भेजे इस मेल में यह नहीं बताया कि कितने लोगों की छंटनी की जा रही है, लेकिन सूत्रों के अनुसार, कंपनी एक हजार से ज्यादा कर्मचारियों की छंटनी करने जा रही है। इस छंटनी के पीछे वजह कंपनी की पुनर्गठन की प्रक्रिया बतायी जा रही है, जिसमें जरूरत के हिसाब से कर्मचारियों को रखने की कोशिश की जा रही है।

ओयो के फाउंडर ने कहा कि यह साल 2020 के लिए नए रणनीतिक उद्देश्य का हिस्सा है। इसके अंतर्गत भिन्न-भिन्न इकाइयों और परिचालन में टीमों को पुनर्गठित किया जाएगा। साथ ही अग्रवाल ने बताया कि कंपनी से जाने वाले कर्मचारियों को मदद का आश्वासन भी दिया गया है।