EBM News Hindi
Leading News Portal in Hindi

MP Political Crisis: राहु काल के कारण दो घंटे देरी से भाजपा में शामिल हुए ज्योतिरादित्य सिंधिया

नई दिल्ली। ज्योतिरादित्य सिंधिया के भाजपा में शामिल होने के लिए मंच सज चुका था और सभी अड़चनें दूर हो चुकी थीं। उन्हें दोपहर 12:30 बजे पार्टी में शामिल होना था लेकिन कोई भी नेता तय समय पर नहीं पहुंचा। सूत्रों ने कहा कि कार्यक्रम को कुछ देर के लिए टाला गया क्योंकि उस समय राहु काल शुरू हो गया था।

तय समय पर न तो कोई भाजपा नेता पहुंचा और न ही सिंधिया

भाजपा के मीडिया सेल ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की मौजूदगी में बुधवार दोपहर 12:30 बजे सिंधिया के पार्टी में शामिल होने का संदेश भेजा था। लेकिन तय समय पर मीडिया आडिटोरियम में न तो कोई भाजपा नेता पहुंचा और न ही सिंधिया। शुरू में माना गया कि लोकसभा सत्र के कारण ऐसा हुआ होगा। जल्दी ही लोकसभा की कार्यवाही स्थगित हो गई और उसके बाद भी भाजपा का कोई नेता वहां नहीं आया।

तब सूत्रों ने बताया कि 12:30 बजे से राहु काल शुरू हो गया है। यही कारण है कि पार्टी ने डेढ़ घंटे के लिए कार्यक्रम टाल दिया।

दो पीढ़ी के बाद सिंधिया राजघराने के ‘श्रीमंत’ एक बार फिर भगवा रंग में

दो पीढ़ी के बाद सिंधिया राजघराने के ‘श्रीमंत’ एक बार फिर भगवा रंग में आए हैं। ग्वालियर राजघराने के ‘श्रीमंत’ ज्योतिरादित्य सिंधिया के सफेद कुर्ता-पायजामा और काली जैकेट पर भगवा गमछा दिखाई दिया तो पुरानी खटास याद आ गई। भगवा रंग में रंगे सिंधिया भाजपा नेताओं से कैसे पटरी बैठा पाएंगे।