EBM News Hindi
Leading News Portal in Hindi

भारतीय मूल की गीता सबरवाल बनीं थाईलैंड में यूएन रेजीडेंट कॉर्डिनेटर

संयुक्त राष्ट्र। संयुक्त राष्ट्र ने भारतीय मूल की गीता सबरवाल को थाईलोंड में अपना रेजीडेंट कॉर्डिनेटर नियुक्त किया है। बता दें कि यूएन रेजीडेंट कॉर्डिनेटर राष्ट्र स्तर पर शीर्ष स्तरीय प्रतिनिधि होता है। वह 2030 का एजेंडा लागू करने में देशों को दिए जाने वाले संयुक्त राष्ट्र के समर्थन का समन्वय करने के साथ साथ ‘यूएन कंट्री टीम’ का नेतृत्व करता है। रेजीडेंट कॉर्डिनेटर संयुक्त राष्ट्र महासचिव के नामित प्रतिनिधि होता है, जो यूएन प्रमुख को रिपोर्ट करता है।

संयुक्त राष्ट्र द्वारा जारी एक प्रेस रिलीज में कहा गया है, “संयुक्त राष्ट्र के सेक्रेटरी जनरल एनटोनियो गुटेरस (Antonio Guterres) ने भारत की गीता सबरवाल को थाईलैंड में यूएन की रेजीडेंट कॉर्डिनेटर के तौर पर नियुक्त किया है।” सबरवाल ने मालदीव समेत पांच एशियाई देशों में विकास, शांति, प्रशासन और सामाजिक नीति में 25 साल तक अपनी सेवा दी है। उन्होंने सबसे ज्यादा सात साल के लिए श्रीलंका में शांति और विकास के सलाहकार के तौर पर अपनी सेवा दी है।

संयुक्त राष्ट्र में शामिल होने से पहले सबरवाल मालदीव और श्रीलंका के लिए एशिया फाउंडेशन डिप्टी कंट्री रिप्रेजेंटेटिव के तौर पर कार्यरत थीं। इसके अलावा वो भारत और वियतनाम में अंतराष्ट्रीय विकास के लिए यूके विभाग में गरीबी और नीति सलाहकार के रूप में कार्य कर चुकी हैं। बता दें कि एशिया फाउंडेशन एक गैर-लाभकारी संस्था है जो पूरे एशिया में लोगों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। सबरवाल यूके आधारित यूनिवर्सिटी ऑफ वेल्स से डेवलपमेंट मैनेजमेंट में मास्टर डिग्री प्राप्त कर चुकी हैं और साउथ ईस्ट एशिया पर कई पॉलिसी पेपर्स की लेखक भी रह चुकी हैं।