Mahabharat: जब फूट-फूटकर रोये थे ‘अर्जुन’, ‘कृष्ण’ ने दी सांत्वाना, ‘द्रौपदी’ ने पोंछे आंसू, देखिए थ्रोबैक वीडियो
नई दिल्ली। Coronavirus Lockdown के दौरान दूरदर्शन के चैनलों पर रामायण और महाभारत धारावाहिकों को दोबारा टेलीकास्ट करने का फ़ैसला किया गया था। डीडी नेशनल पर रामायण का प्रसारण पूरा हो चुका है, जबकि महाभारत डीडी भारती पर जारी है।
यह दोनों ही शो भारतीय दर्शकों के लिए बेहद ख़ास हैं और कालजयी हैं। एक पीढ़ी की यादें अस्सी के दौर में आये इन दोनों शोज़ से जुड़ी हैं। इसीलिए जब इन शोज़ के पुनर्प्रसारण की ख़बर आयी तो सोशल मीडिया पुरानी यादों से भर गया।
इन्हीं यादों के बीच महाभारत का एक बिहाइंड द सीन वीडियो फिर से याद आ गया है, जिसमें महाभारत के सभी कलाकार अपने किरदारों के लिबास पहने हुए काफ़ी भावुक नज़र आ रहे हैं। यह वीडियो महाभारत के आख़िरी एपिसोड की शूटिंग ख़त्म होने के बाद का है, जिसमें कलाकार एक-दूसरे से मिल रहे हैं। वीडियो में आप देख सकते हैं कि अर्जुन का किरदार निभाने वाले फ़िरोज़ ख़ान की रुलाई रुक नहीं रही है। अर्जुन के गेटअप में रोते हुए फ़िरोज़ को कभी कृष्ण बने नितीश भारद्वाज तो कभी द्रौपदी का किरदार निभाने वाली रूपा गांगुली सांत्वना देते नज़र आ रहे हैं।
शो के निर्देशक रवि चोपड़ा (बीआर चोपड़ा) के बेटे सभी कलाकारों से गले मिल रहे हैं। शकुनि का किरदार निभाने वाले गूफी पेंटल, भीम का किरदार निभाने वाले प्रवीण कुमार, युधिष्ठिर बने गजेंद्र चौहान, विदुर का रोल निभाने वाले वीरेंद्र राज़दान और भीष्म पितामह का रोल निभाने वाले मुकेश खन्ना को भी इस वीडियो में भावुक होते हुए देखा जा सकता है।