EBM News Hindi
Leading News Portal in Hindi

Chhapaak के बाद इस हॉलीवुड फ़िल्म के रीमेक में दीपिका पादुकोण, साथ में होंगे ऋषि कपूर

नई दिल्ली। छपाक के बाद दीपिका पादुकोण ने अपनी अगली होम प्रोडक्शन फ़िल्म का एलान कर दिया है। यह एक हिट हॉलीवुड फ़िल्म का आधिकारिक रीमेक है। ख़ास बात यह है कि इस फ़िल्म में दीपिका के साथ बॉलीवुड के वेटरन एक्टर ऋषि कपूर पैरेलल लीड रोल में होंगे। ये दोनों कलाकार लव आज कल में काम कर चुके हैं, जिसमें ऋषि कपूर ने एक अहम किरदार निभाया था।

दीपिका ने नई फ़िल्म का एलान ट्विटर के ज़रिए किया है। उन्होंने लिखा- अपनी अगली पेशकश को लेकर रोमांचित हूं। द इंटर्न का भारतीय अडेप्टेशन। 2021 में रिलीज़ होगी। ट्वीट में जानकारी दी गयी है कि इसका निर्माण दीपिका की कंपनी का प्रोडक्शंस, वारनर्स ब्रदर्स और एज़्यूर मिलकर करेंगे। वहीं, ऋषि कपूर ने भी इस जानकारी को शेयर करते हुए लिखा कि द इंटर्न के रीमेक और दीपिका पादुको के साथ एक नयी यात्रा शुरू कर रहा हूं।

दीपिका ने 10 जनरी को रिलीज़ हुई छपाक के साथ फ़िल्म प्रोडक्शन में क़दम रखा। इस फ़िल्म में उन्होंने एसिड अटैक सर्वाइवर लक्ष्मी अग्रवाल का किरदार निभाया था। फ़िल्म का निर्देशन मेघना गुलज़ार का था। बॉक्स ऑफ़िस पर छपाक बहुत सफल नहीं रही, मगर नुक़सान में भी नहीं रही। लगभग 35 करोड़ के बजट में बनी फ़िल्म ने रिलीज़ के दो हफ़्तों में लगभग 34 करोड़ का कलेक्शन किया था। हालांकि लगभग 23 करोड़ की राशि फ़िल्म विभिन्न राइट्स के ज़रिए वसूल कर चुकी थी।