आ रहा है Tata Tiago EV का स्पोर्टी माॅडल, मिलेगी 315 किमी की जबरजस्त रेंज, जल्द होगा लाॅन्च
ऑटो एक्सपो 2023 में टाटा मोटर्स ने कई कॉन्सेप्ट इलेक्ट्रिक कारों का खुलासा किया है। वहीं कंपनी ने ऑटो एक्सपो के तीसरे दिन (14 जनवरी) अपनी Tiago EV के Blitz एडिशन (टियागो ईवी ब्लिट्ज) से पर्दा उठाया। टियागो ईवी ब्लिट्ज को कंपनी ने अलग रंग और डिजाइन ट्रीटमेंट के साथ पेश किया है। यह कार पेश होते ही दर्शकों को खूब पसंद आ रही है।
Tiago EV Blitz का डिजाइन स्टैंडर्ड मॉडल के समान है लेकिन इसे अलग लुक देने के लिए इसमें कुछ नए एलिमेंट्स गए हैं। इसमें ब्लैक व्हील आर्च, लो प्रोफाइल टायर, ब्लैकआउट 15-इंच अलॉय व्हील्स और बम्पर पर हॉरिजॉन्टल लाइनिंग दी गई है। कुल मिलाकर कंपनी ने ब्लिट्ज एडिशन को स्पोर्टी लुक दिया है। हालांकि, इस एडिशन में कंपनी ने ब्लू एक्सेंट को पूरी तरह से हटा दिया है। इसके जगह पर इसमें हर जगह ब्लैक एक्सेंट दिए गए हैं।
कंपनी ने इसकी कीमत और लॉन्च के बारे में आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है, लेकिन रिपोर्ट्स में इसके इस साल की पहले छमाही में लॉन्च होने की उम्मीद जताई जा रही है। Tiago EV Blitz को टॉप मॉडल के तौर पर लॉन्च किया जाएगा और इसकी कीमत भी स्टैंडर्ड Tiago EV से अधिक होने की उम्मीद है।
Tiago EV को दो बैटरी पैक ऑप्शन के साथ कुल 7 वेरिएंट में उपलब्ध किया गया है। इसकी कीमत 8.49 लाख रुपये से शुरू होकर 11.79 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) तक जाती है।
टाटा टियागो ईवी दो बैटरी पैक विकल्प – 19.2 kWh और 24 kWh में उपलब्ध है। टियागो ईवी के बेस वेरिएंट में कंपनी ने 19.2 kWh बैटरी पैक का इस्तेमाल किया है, वहीं टॉप वेरिएंट में 24 kWh बैटरी पैक का उपयोग किया गया है। कंपनी ने दोनों बैटरी पैक मॉडलों को अलग-अलग ग्राहकों की जरूरतों को ध्यान में रखकर ऑफर कर रही है।
बात करें रेंज की तो, 24 kWh बैटरी पैक मॉडल की रेंज 315 किलोमीटर की है, वहीं 19.2 kWh बैटरी पैक मॉडल अधिकतम 250 किलोमीटर की रेंज देने में सक्षम है। फिलहाल, यह रेंज परीक्षण के आंकड़ों के अनुसार हैं, वास्तविक रेंज में बदलाव हो सकता है।
टाटा टियागो ईवी में कंपनी ने अपनी लेटेस्ट जिपट्राॅन तकनीक का इस्तेमाल किया है। इसमें कंपनी ने टिगोर ईवी और नेक्सन ईवी की तरह ही परमानेंट मैगनेट सिंक्रोनस इलेक्ट्रिक मोटर का इस्तेमाल किया है। अपनी पॉवरफुल इलेक्ट्रिक मोटर की बदौलत टियागो ईवी केवल 5.7 सेकंड में 0-60 किमी/घंटा की रफ्तार हासिल कर सकती है।